जयपुर। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में एक युवती ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके परिजन घर से बाहर गए हुए थे। युवती ने घर का गेट अंदर से बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई।
विश्वकर्मा थानाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान नेहा के रूप में हुई है। वह एक बेरिंग फैक्ट्री में काम करती थी। परिजनों के घर लौटने पर गेट अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टीन शेड हटाकर घर के अंदर प्रवेश किया और गेट की कुंडी खोली। इसके बाद फंदा काटकर नेहा को नीचे उतारा गया।
विश्वकर्मा थानाधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। पुलिस अब आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की जांच जारी है।



















