मावठा सरोवर में युवक ने लगाई छलांग

0
31

जयपुर। आमेर के ऐतिहासिक मावठा सरोवर में मंगलवार देर रात एक युवक ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर आमेर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात के अंधेरे के कारण पानी में तलाश करना चुनौतीपूर्ण रहा। बाद में मावठा में बोटिंग कराने वाली टीम के गोताखोरों ने पानी में सर्च ऑपरेशन चलाकर काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि मृतक की पहचान शंकर सेन (40) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि वह शराब का आदी था और मानसिक अवसाद से भी गुजर रहा था। उसकी पत्नी की कुछ समय पहले मौत हो चुकी थी, जबकि माता-पिता भी नहीं थे। वह घर में अकेला रहता था। मंगलवार रात उसने मावठा सरोवर में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पानी में युवक की तलाश शुरू की, लेकिन रात होने के कारण रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी आई। काफी देर तक युवक का पता नहीं चलने पर बोटिंग टीम के गोताखोरों ने मोर्चा संभाला और पानी में तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक को बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखा और रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई। शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस के अनुसार युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here