राजस्थान में मानसून की दस्तक: टोंक-जयपुर-अलवर तक पहुंची मानसून रेखा

0
65

जयपुर। राजस्थान में सात दिन की देरी के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने विधिवत प्रवेश कर लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार गुरुवार को मानसून ने पूर्वी राजस्थान में दस्तक दे दी है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून राज्य के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ेगा।

जहाजपुर में सबसे अधिक 105 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर में सर्वाधिक 105 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

पांच संभागों में बारिश का अलर्ट, कोटा में अति भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से कोटा संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं अति भारी (वेरी हेवी) बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इससे नदी-नालों में उफान और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

अगले 5 से 7 दिन सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार जयपुर भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में आगामी पांच से सात दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा का दौर जारी रहने तथा कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग, जहां अब तक मौसम शुष्क बना हुआ था, वहां भी आगामी दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

यातायात और जनजीवन को लेकर एडवाइजरी

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने आमजन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने निचले इलाकों और अंडरपास में जलभराव होने पर वहां से गुजरने से बचने, पानी भरे क्षेत्रों में बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों से दूरी बनाए रखने, नदी-नालों पर पानी बहने की स्थिति में पुलिया पार नहीं करने तथा कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित मार्ग की मौसम एवं यातायात स्थिति की जानकारी लेने की भी अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here