जनसुनवाई में पुलिस कमिश्नर ने सुनी फरियाद: अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0
64
Police Commissioner heard the complaint in public hearing
Police Commissioner heard the complaint in public hearing

जयपुर। आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को करधनी थाने में जनसुनवाई कर विभिन्न मामलों में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस जनसुनवाई में झोटवाड़ा सर्किल के करधनी, खोरा बिसल, कालवाड़, मुरलीपुरा और झोटवाड़ा थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों ने अपनी शिकायतें सीधे पुलिस कमिश्नर के समक्ष रखीं। पुलिस कमिश्नर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, संवेदनशील और निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सचिन मित्तल ने कहा कि थाना स्तर पर नियमित जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को बिना अनावश्यक विलंब के राहत उपलब्ध कराना तथा पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ित को समय पर न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

जनसुनवाई के दौरान आपसी विवाद, पारिवारिक प्रकरण, भूमि एवं संपत्ति विवाद, अवैध कब्जे, चोरी, मारपीट सहित विभिन्न प्रकार के मामलों से संबंधित परिवाद प्राप्त हुए। पुलिस कमिश्नर ने सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) अजय सिंह, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमू, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर और जामडोली में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की शिकायतों का निस्तारण करवा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here