जयपुर। अमेज़न एमएक्स प्लेयर ने अपनी लोकप्रिय राजनीतिक क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘रक्तांचल’ के तीसरे सीजन की घोषणा करते हुए इसका फर्स्ट लुक जारी किया है। निर्देशक रितम श्रीवास्तव के निर्देशन में बनने वाले नए सीजन में निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा एक बार फिर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ राजेश कुमार, करण पटेल, विक्रम कोचर और माही गिल भी अहम किरदार निभाएंगे।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह सीरीज़ पूर्वांचल की पृष्ठभूमि पर आधारित है। तीसरे सीजन में विजय सिंह और वसीम खान के बीच सत्ता, बदले और वर्चस्व की लड़ाई पहले से अधिक तीव्र और व्यक्तिगत रूप में दिखाई जाएगी।
अमेज़न एमएक्स प्लेयर के कंटेंट हेड अमोघ दुसाद ने कहा कि नया सीजन दर्शकों को पसंदीदा दुनिया और किरदारों की कहानी को नए आयाम पर ले जाएगा। वहीं, निर्देशक रितम श्रीवास्तव ने बताया कि इस बार कहानी दुश्मनी की भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक परतों को भी सामने लाएगी।
‘रक्तांचल’ सीजन-3 जल्द ही अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर मुफ्त स्ट्रीम होगा। इसे मोबाइल, कनेक्टेड टीवी, अमेज़न शॉपिंग ऐप, प्राइम वीडियो, फायर टीवी, जियोटीवी और एयरटेल एक्सस्ट्रीम पर भी देखा जा सकेगा।



















