आमेर की सागर झील में युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास

0
48

जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र स्थित विश्व प्रसिद्ध सागर झील में शनिवार को एक युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया। झील के पास मौजूद लोगों की सतर्कता और होमगार्ड जवान की तत्परता से युवक की जान बच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले जाकर उसके परिजनों को बुलाया। समझाइश के बाद युवक को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

होमगार्ड जवान विकास कुमार ने बताया कि युवक ने सागर झील में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे देख लिया और कड़ी मशक्कत के बाद झील से बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से आत्महत्या का कारण पूछा। युवक ने बताया कि वह घरवालों से परेशान है और आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की जाती है, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने तत्काल युवक के परिजनों को थाने बुलाया। युवक की मां ने पुलिस को बताया कि छह बेटियों के बाद वह परिवार का सबसे छोटा बेटा है। पिछले तीन-चार महीनों से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार चल रहा है और वह नियमित दवाइयां भी ले रहा है।

युवक की जान बचाने वाले प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि झील से बाहर निकालने के कुछ देर बाद युवक ने दोबारा आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर रोक लिया और झील से दूर ले गए। इसके बाद उसे सुरक्षित आमेर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों को युवक की देखभाल,उपचार नियमित जारी रखने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। समझाइश के बाद युवक को उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here