जयपुर। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भोले-भाले लोगों को झांसे और लालच में लेकर उनके बैंक खाते हासिल करता था, उनमें फर्जी मोबाइल नंबर रजिस्टर कर ऑनलाइन ठगी की रकम डलवाता था। आरोपी के मोबाइल की जांच में विभिन्न बैंक खातों से जुड़े 100 से अधिक संदिग्ध ट्रांजेक्शन और 100 से ज्यादा अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर भेजे गए फर्जी क्रेडिट मैसेज मिले हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि खोह नागोरियान थाना पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में लिप्त एक आरोपी साजिद खान (29) पुत्र अली मोहम्मद, निवासी मेव मोहल्ला, खोह, जिला डीग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले लोगों को लालच या झांसा देकर उनके बैंक खाते अपने कब्जे में लेता था। इसके बाद उन खातों में फर्जी मोबाइल नंबर दर्ज कराकर अलग-अलग लोगों को बैंक अधिकारी बनकर कॉल करता और उनके मोबाइल पर रुपये जमा होने के फर्जी एसएमएस भेजता था। इसके जरिए लोगों से ठगी कर रकम फर्जी खातों में मंगाई जाती थी और बाद में ई-मित्र केंद्रों के माध्यम से नकद निकासी कर ली जाती थी। शिकायत मिलने पर आरोपी बैंक खाते और मोबाइल नंबर बदलकर फिर नई वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रकाश बिश्नोई के अलावा उपनिरीक्षक रामफूल तथा कांस्टेबल धीरज, बजरंग लाल, रविंद्र सिंह और सन्नी कुमार शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल धीरज और बजरंग लाल की विशेष भूमिका रही।



















