जयपुर। प्रतापनगर थाना पुलिस ने दुकानदार के अपहरण कर दो लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई की शाम सेक्टर-67, गुलाब विहार स्थित दुकान से रामदयाल का मनीष सैनी, अविनाश राव उर्फ बॉबी और एक अन्य आरोपी किशन राजपूत जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर ले गए। इसके बाद परिजनों को फोन कर दो घंटे के भीतर दो लाख रुपए की फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
इस संबंध में 24 जुलाई को प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। वही मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास के करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने वाटिका, सांगानेर क्षेत्र से आरोपी मनीष सैनी (22) और अविनाश राव उर्फ बॉबी (24) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत रामदयाल को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि तीसरे आरोपी किशन राजपूत की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनीष सैनी के खिलाफ पहले से चोरी के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन, एसीपी सांगानेर हरीशंकर शर्मा के निर्देशन तथा प्रतापनगर थाना प्रभारी विक्रांत शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।



















