जयपुर। राजस्थान पुलिस के भावी नेतृत्व को आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस मुख्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एनपीए), हैदराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 25 प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने अधिकारियों को बदलते अपराध परिदृश्य को समझते हुए पारदर्शिता, ईमानदारी, संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिसिंग का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पारंपरिक अपराधों के साथ-साथ साइबर अपराध, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अपराध, ड्रोन ड्रॉपिंग, सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा तथा नई पीढ़ी (जनरेशन-ज़ेड) से जुड़ी सामाजिक चुनौतियां पुलिस के सामने नई जिम्मेदारियां लेकर आई हैं। ऐसे में अधिकारियों को समय के साथ स्वयं को लगातार अपडेट रखते हुए प्रभावी रणनीति अपनानी होगी।
उन्होंने प्रोबेशनर अधिकारियों से राजस्थान पुलिस की उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का अध्ययन करने और अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी, संवेदनशीलता तथा सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार और आमजन की पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार निगाह रहती है, इसलिए प्रत्येक निर्णय और कार्रवाई कानूनसम्मत, निष्पक्ष तथा जवाबदेह होनी चाहिए।
डीजीपी ने अधिकारियों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम सहित नए आपराधिक कानूनों का गहन अध्ययन कर उनके अनुरूप प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की सलाह दी।
एनपीए के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में स्टडी टूर पर जयपुर पहुंचे 25 प्रोबेशनर आईपीएस अधिकारियों ने संवाद सत्र में आधुनिक पुलिसिंग, नेतृत्व, समन्वय और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए तथा वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन., वी.के. सिंह, एस. सेंगाथिर, संजीव नार्जरी सहित पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। संवाद सत्र में आधुनिक तकनीक, बदलते अपराधों से निपटने की रणनीति और जनविश्वास को मजबूत बनाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई।


















