भेड़-बकरियों की रखवाली के विवाद में रिश्तेदार की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

0
32
Accused arrested for murdering a relative over a dispute regarding the herding of sheep and goats.
Accused arrested for murdering a relative over a dispute regarding the herding of sheep and goats.

जयपुर। राजधानी जयपुर के भांकरोटा थाना क्षेत्र में भेड़-बकरियों की रखवाली को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पहरेदारी को लेकर कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की लाठी और पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

जयपुर (पश्चिम) के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रशांत किरण ने बताया कि बागरियों की ढाणी (जयपुर ग्रामीण) निवासी 46 वर्षीय कालूराम बागरिया की हत्या के मामले में गिदानी (जयपुर ग्रामीण) निवासी 43 वर्षीय हरदेव बागरिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार कर लिया है।

डीसीपी ने बताया कि 26 जुलाई को जयसिंहपुरा स्थित बीड़ की ढाणी में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर भांकरोटा थाना प्रभारी दीपक त्यागी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच और साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का प्रतीत होने पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। बाद में मृतक की पहचान बागरियों की ढाणी निवासी कालूराम बागरिया के रूप में हुई।

इस मृतक के बेटे रामदेव ने भांकरोटा थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता पिछले करीब 25 दिनों से रिश्तेदार हरदेव बागरिया के साथ भेड़-बकरियां चराने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाते थे। रात में दोनों खुले मैदान में मवेशियों को रोककर बारी-बारी से उनकी रखवाली करते थे। उसने रिपोर्ट में हरदेव पर हत्या का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने बीड़ की ढाणी स्थित श्रीनाथ विहार कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में अपनी भेड़-बकरियों को रोक रखा था। दोनों के बीच मवेशियों की रखवाली के लिए समय निर्धारित था। घटना वाली रात हरदेव ने रात दो बजे तक पहरा दिया और उसके बाद कालूराम को जगाकर जिम्मेदारी सौंपी। कुछ देर बाद कालूराम दोबारा सो गया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में हरदेव ने पास में पड़े पत्थर और लाठी से कालूराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here