जयपुर। गलता गेट थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरी करने के लिए लगातार वाहन व मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में चोरी के 14 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि गलता गेट थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन को विशाल डंडोरिया उर्फ ‘लाला’ (30) निवासी गणेशपुरी कच्ची बस्ती गलता गेट जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली गई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अन्य वाहन और मोबाइल चोरी की वारदातें भी कबूल कीं। इसके बाद उसके कब्जे से एक अन्य स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और तीन चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए।
आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल मानक चौक थाना क्षेत्र से तथा स्कूटी ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र से चोरी की थी। इसके अलावा वीवो, रियलमी और रेडमी कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी उसने जोरावर सिंह गेट ब्रह्मपुरी क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल डंडोरिया उर्फ ‘लाला’ शातिर नकबजन और वाहन चोर है।
उसके खिलाफ गलता गेट, नाहरगढ़, ब्रह्मपुरी, कोतवाली, सुभाष चौक, मुरलीपुरा, ट्रांसपोर्ट नगर और आदर्श नगर थानों में चोरी एवं चोरी का माल बरामद होने सहित कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी धर्म सिंह, सहायक उपनिरीक्षक हनुमान सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह तथा कांस्टेबल विरेन्द्र, विजय कुमार और राकेश शामिल रहे। मामले के खुलासे में हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और कांस्टेबल विरेन्द्र की विशेष भूमिका रही।



















