जयपुर। राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को सांगानेर थाना क्षेत्र में की गई बड़ी कार्रवाई में 73 घरेलू गैस सिलेंडर, एक पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। मौके पर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते मिले एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्य सचिव एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन में जिला रसद अधिकारी, जयपुर प्रथम प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में गठित सतर्कता दल ने सांगानेर थाना क्षेत्र के मनोरियावाला साहीपुरा में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से रिफिलिंग किए जाने का खुलासा हुआ।
सतर्कता दल ने मौके से 73 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन, एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। मौके पर मिले एक व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और दुरुपयोग गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। विशेष रूप से रिहायशी क्षेत्रों में इस प्रकार की गतिविधियां आमजन के जीवन और संपत्ति के लिए बड़ा खतरा हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के विरुद्ध जिला प्रशासन का ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


















