जयपुर। राजधानी में परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी स्कूटियों की डिक्की तोड़कर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को भट्टा बस्ती थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी परीक्षा केंद्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर मौका मिलते ही वाहनों की डिक्की तोड़कर मोबाइल चुरा लेता था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि 25 जुलाई को शास्त्री नगर स्थित संत जयाचार्य गर्ल्स कॉलेज में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों ने अपने मोबाइल फोन स्कूटी की डिक्की में रख दिए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटने पर उनकी स्कूटियों की डिक्की टूटी मिली और मोबाइल फोन गायब थे। पीड़ितों की शिकायत पर भट्टा बस्ती थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-द्वितीय) बजरंग सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त (शास्त्री नगर) हंसराज बैरवा के निर्देशन में थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर की सूचना के आधार पर जे.पी. कॉलोनी, भट्टा बस्ती निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह परीक्षा केंद्रों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहले रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही वाहनों की डिक्की तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर लेता था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अन्य चोरी की वारदातों और चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल राकेश कुमार की विशेष भूमिका रही।



















