जयपुर। श्याम नगर थाना पुलिस ने युवती को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने और उससे रुपए ऐंठने के मामले में फरार चल रहे पांच हजार के इनामी आरोपी महेश चंद गुर्जर (31) निवासी नीमकाथाना जिला सीकर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी करीब आठ-नौ माह पहले व्हाट्सएप के माध्यम से युवती के संपर्क में आया था और उसे झांसे में लेकर पहले चार हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए, फिर होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना का वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर उसे डराता-धमकाता रहा।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 11 जुलाई 2026 को पीड़िता ने श्याम नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि आरोपी महेश गुर्जर से उसकी पहचान व्हाट्सएप मैसेज के जरिए हुई थी। आरोपी लगातार मिलने का दबाव बनाता रहा और बहला-फुसलाकर उससे चार हजार रुपए फोन-पे के माध्यम से ले लिए। बाद में उसने पीड़िता को अजमेर रोड स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सत्येंद्र सिंह नेगी के सुपरविजन में थाना प्रभारी हरि सिंह दूधवाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का तकनीकी विश्लेषण किया, साक्ष्य जुटाए तथा आधुनिक तकनीक और पारंपरिक पुलिस कार्यप्रणाली के जरिए आरोपी की तलाश करते हुए धर—दबोचा।



















