गुरु पूर्णिमा पर भाजपा का प्रदेशव्यापी मंदिर संपर्क अभियान में संतों का होगा सम्मान

0
45
The BJP will take the achievements of the Central and State governments to every citizen.
The BJP will take the achievements of the Central and State governments to every citizen.

जयपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बुधवार को प्रदेशभर में सांस्कृतिक, धार्मिक और संगठनात्मक अभियान चलाएगी। अभियान के तहत मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर संत-महंतों, पुजारियों और धार्मिक गुरुओं का सम्मान करेंगे तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा डीग जिले के पूछरी स्थित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार दिल्ली रोड स्थित खोले के हनुमान मंदिर में संतों का सम्मान करेंगे। स्वयं बगड़ी चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर महंत गोपालदास महाराज का सम्मान करेंगे।

उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी अमरापुर दरबार, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी हाथोज धाम (दक्षिणमुखी बालाजी), राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी गोविंद देवजी मंदिर, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी मोती डूंगरी गणेश मंदिर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ नंदपुरी हनुमान मंदिर तथा प्रदेश महामंत्री मिथलेश गौतम प्रताप नगर स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

बगड़ी ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों और मंडलों में भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि प्रमुख मंदिरों में धार्मिक आयोजनों में भाग लेंगे। कई स्थानों पर दीपोत्सव, धार्मिक अनुष्ठान और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी से एक विशेष कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से पवित्र कलश लेकर आएगा। राजस्थान की सीमा पर कलश का भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद रथ के माध्यम से इसे जयपुर लाया जाएगा। राजधानी में भी कलश यात्रा के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

बगड़ी ने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संत परंपरा के सम्मान, सामाजिक समरसता और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद का माध्यम है। इसके जरिए पार्टी धार्मिक और सामाजिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संदेश देगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here