जयपुर। श्री हित समाज की ओर से दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ डिग्गी रोड स्थित महात्मा गांधी स्कूल के पास ढाणी कुमावतान, सांगानेर में श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु पूजन, चरण वंदन और सत्संग में सहभागिता की।
महोत्सव के दौरान श्री हित प्रेम कुमार गोस्वामी महाराज एवं श्री हित हितेंद्र कुमार गोस्वामी महाराज (छोटी सरकार), श्री हित धाम वृंदावन का गुरु भक्तों ने विधि-विधान से गुरु पूजन किया। इससे पूर्व चरण पादुका पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रवचन का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
दो दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन बुधवार को गोविंद देवजी मंदिर के निकट तालकटोरा सत्संग भवन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव आयोजित होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गुरु महाराज की पूजा-अर्चना, चरण वंदन करेंगे। साथ ही नवीन शिष्यों को वैष्णवी कंठी दीक्षा भी प्रदान की जाएगी।



















