खोले के हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव में दिनभर गूंजे भक्ति के स्वर

0
38

जयपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शहर के प्रसिद्ध खोले के हनुमान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से देर रात तक चले गुरु पूर्णिमा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर गुरु पूजन किया।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव की शुरुआत सुबह पांच बजे भगवान हनुमान के पंचामृत और गंगाजल से अभिषेक के साथ हुई। इसके बाद हनुमानजी को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई गई। मंदिर परिसर में स्थापित सभी देवी-देवताओं का भी विशेष श्रृंगार किया गया।

गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में मंदिर के संस्थापक राधेलाल चौबे की समाधि पर भी गंगाजल एवं पंचामृत से अभिषेक कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुबह पांच बजे से रात 12 बजे तक चले महोत्सव में दिनभर गुरु पूजन, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्ति संगीत से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु महिमा का गुणगान किया।

दिनभर जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। शाम को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। दर्शन के लिए सुव्यवस्थित प्रबंध किए गए तथा सभी श्रद्धालुओं को हनुमानजी का प्रसाद वितरित किया गया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान पूरे दिन मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here