मजदूरों और कमजोर वर्ग से रूबरू हुई जयपुर पश्चिम पुलिस, नशे के खिलाफ किया जागरूक

0
40
Jaipur West Police interacted with laborers and the weaker sections of society
Jaipur West Police interacted with laborers and the weaker sections of society

जयपुर। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर पश्चिम पुलिस ने बुधवार को मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में मजदूरों, कमजोर वर्ग एवं कच्ची बस्ती के लोगों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान नशे के बढ़ते चलन पर चिंता जताते हुए लोगों को इससे दूर रहने का संदेश दिया गया तथा पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए संपर्क मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसी क्रम में समाज के कमजोर एवं श्रमिक वर्ग से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और पुलिस से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे।

सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा शिवकुमार भारद्वाज के निकट पर्यवेक्षण तथा मुरलीपुरा थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुरिल के नेतृत्व में आयोजित बैठक में श्रमिकों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है, अपराधों को बढ़ावा देता है तथा आर्थिक स्थिति को कमजोर करता है।

पुलिस ने मजदूरों से नशे से दूर रहने और आसपास कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की हर संभव सहायता की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में आमजन को पुलिस समन्वय के लिए मोबाइल नंबर वितरित किए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here