खाली भूखंड में मिला युवक का शव, पास में इंजेक्शन-सिरिंज मिलने से मौत बनी रहस्य

0
38

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के बेनाड़ स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर में बुधवार को एक खाली भूखंड में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र भडाणा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान शव के पास एक इंजेक्शन और सिरिंज भी मिली, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।

हालांकि पुलिस ने अभी मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अजमेर जिले के किशनगढ़ निवासी युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। साथ ही घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक खाली भूखंड तक कैसे पहुंचा, उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल युवक की मौत की गुत्थी बरकरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला नशे की ओवरडोज, किसी हादसे या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। हरमाड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here