जयपुर। राजधानी के मानसरोवर थाना क्षेत्र में गुर्जर की थड़ी स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास अंडा लेने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। केवल हाथ टच होने की बात पर शराब के नशे में धुत बदमाशों ने टायल-मार्बल कारीगर की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद जयपुर दक्षिण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया।
डीसीपी (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गुर्जर की थड़ी स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे आरोपी मनीष कुमार सोलंकी, रमजान अली, रोहित यादव और उनका एक नाबालिग साथी शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नाबालिग साथी को पास स्थित दुकान से अंडे लाने भेजा।
दुकान पर मौजूद प्रेम नगर (गुर्जर की थड़ी) निवासी टायल-मार्बल कारीगर बलबीर का हाथ गलती से नाबालिग से टच हो गया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नाबालिग ने लौटकर अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद चारों आरोपी लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और बलबीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल बलबीर को पहले जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उसे एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई रामबीर ने मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि बलबीर जयपुर में किराये पर रहकर टायल-मार्बल फिटिंग का कार्य करता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी (दक्षिण) ललित शर्मा एवं एसीपी (मानसरोवर) हेमेंद्र शर्मा के सुपरविजन में मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर महज आठ घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया।
गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमार सोलंकी (23) मूलतः दिल्ली के रघुवीर नगर का निवासी है और वर्तमान में गुर्जर की थड़ी स्थित बाबा रामदेव नगर में रह रहा था। उसके खिलाफ महेश नगर, शिप्रापथ और मानसरोवर थानों में चोरी, लूट, झपटमारी, षड्यंत्र सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी रमजान अली (19) मूलतः अजमेर के तारागढ़ रास्ता क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में बाबा रामदेव नगर, गुर्जर की थड़ी में रहता है।
उसके खिलाफ महेश नगर, शिप्रापथ, श्याम नगर और मानसरोवर थानों में नकबजनी, मारपीट, छेड़छाड़ तथा आर्म्स एक्ट सहित 11 मामले दर्ज हैं। तीसरा आरोपी रोहित यादव (19) खैरथल जिले के कोटकासिम क्षेत्र के गांव गुंसार का निवासी है और वर्तमान में सुल्तान नगर, गुर्जर की थड़ी में रह रहा था। पुलिस ने मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसीपी हेमेंद्र शर्मा, मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद, महेश नगर थानाधिकारी मदनलाल कड़वासरा, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, महेंद्र पाल, भीमसिंह तथा कांस्टेबल रामलाल, मुकेश, सुंदर, दीपचंद, अंकित, जितेंद्र और दीपेश शामिल रहे। पुलिस के अनुसार संपूर्ण कार्रवाई में महेश नगर थाने के हेड कांस्टेबल भीमसिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।


















