जयपुर। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चौकस’ के तहत पुलिस ने शनिवार को अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध देशी शराब के 48 पव्वे बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शेखावटी नगर, रोड नंबर-6 में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोमल (24) निवासी मुरलीपुरा को अवैध देशी शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 48 पव्वे देशी शराब जब्त किए।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अवैध शराब की आपूर्ति करने वाले मुख्य सप्लायरों की तलाश की जा रही है।


















