माधव विलास ‘चा राजा’ के दरबार में गूंजा राधा नाम संकीर्तन

0
37
Chanting of the name 'Radha'
Chanting of the name 'Radha'

जयपुर। बनीपार्क स्थित माधव सिंह सर्किल के माधव विलास में आयोजित गणेश चतुर्थी महोत्सव के तहत रविवार को विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के मनु महाराज एवं शुक्ल यजुर्वेद आचार्य पं. महेश अवस्थी के सान्निध्य में हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया।

अपराह्न सवा तीन बजे श्री संकटनाशन गणेश स्तोत्र के पाठ और राधा नाम संकीर्तन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। नीरज वरजानी के निर्देशन में शाम 4:15 बजे से संध्या आरती तक ‘राधा नाम ताली कीर्तन’ का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण माधव विलास परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर हो उठा।

इससे पूर्व ऊषा ओमप्रकाश मालपानी, रीतू, बसंत, चेतना एवं शरद (कुचामन वाले) सहित अन्य श्रद्धालुओं ने प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से आरती उतारी। संध्या आरती के दौरान उपस्थित जनसमूह ने विघ्नहर्ता से सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

गौरतलब है कि माधव विलास ‘चा राजा’ गणेश चतुर्थी महोत्सव का आयोजन 14 से 25 सितंबर तक किया जा रहा है। इस महोत्सव के माध्यम से विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here