जयपुर। सेंट्रल जेल जयपुर में बंद कैदियों से मिलने आने वाले परिजनों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का लालकोठी थाना पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि लाल कोठी थाना पुलिस ने सेंट्रल जेल जयपुर में बंद कैदियों से मिलने आने वाले परिजनों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग के शातिर बदमाश गणेश गुर्जर (27) निवासी जमवारामगढ़ जयपुर,वसीम (32) पुत्र सलीम निवासी दौसा और जगमोहन उर्फ समुंदर (37) निवासी भरतपुर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए आईफोन 13 प्रो और ओप्पो रेनो 8 टी मोबाइल बरामद किए गए। लालकोठी थानाधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गणेश गुर्जर के खिलाफ जमवारामगढ़ और जामडोली थानों में चोरी और नकबजनी के छह मामले दर्ज हैं।
तो वसीम के खिलाफ दौसा कोतवाली में आरपीजीओ एक्ट का मामला दर्ज है और जगमोहन उर्फ समुंदर के खिलाफ महुआ (दौसा) और खेरली (अलवर) थानों में डकैती की योजना और अन्य संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं।
थानाधिकारी ने बताया कि परिवादी भीम सिंह ने 2 अगस्त 2026 को लाल कोठी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने भाई लोकेश से मिलने सेंट्रल जेल आया था। उसने मुलाकात कक्ष के बाहर बैग रखा था, जिसमें दो आईफोन, एक ओप्पो मोबाइल, 10 हजार रुपए नकद, ईयरबड्स, चार्जर और कपड़े रखे थे।
मुलाकात के बाद वापस आने पर बैग गायब मिला। जेल कर्मचारियों द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक व्यक्ति बैग ले जाता दिखाई दिया। उसकी पहचान पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके गणेश गुर्जर के रूप में हुई। इस पर लालकोठी थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों को चिन्हित करते हुए पकडा।



















