बाइक चुराने वाली गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

0
47

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर में एक दर्जन से अधिक बाइक चोरी की वारदातें कबूल की हैं।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि दुपहिया वाहन चोरी की रोकथाम के लिए थानाधिकारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामकेश गुर्जर उर्फ नान्हू (28) और भोजराज (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पांच अन्य चोरी की बाइकें भी बरामद हुईं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। वे जयपुर के अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी कर उन्हें गांवों में सस्ते दामों पर बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम नशे और मौज-शौक में खर्च करते थे। बरामद बाइकें बजाज नगर, नारायण विहार, प्रताप नगर, एयरपोर्ट और जामडोली थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वाहन चोरी की वारदातों और खरीददारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

अवैध खनन के मामले में 2 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

चाकसू थाना पुलिस ने अवैध खनन व खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी अशोक कुमार मीणा (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना रवन्ना पत्थरों से भरे डंपर की बोलेरो से एस्कॉर्टिंग कर रहा था और वारदात के बाद फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को बिना रवन्ना अवैध पत्थरों से भरा डंपर पकड़ा गया था। जांच में सामने आया कि ममतेश मीणा और अशोक कुमार मीणा बोलेरो से डंपर की एस्कॉर्टिंग कर रहे थे। पुलिस ने डंपर और बोलेरो जब्त कर दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार अशोक पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने 14 अगस्त को सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज के निर्देशन में थानाधिकारी मनोहर लाल के नेतृत्व में हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here