जयपुर। टोंक रोड स्थित दुर्गापुरा राजस्थान गौसेवा संघ गौशाला में दो दिवसीय श्री महामृत्युंजय रुद्र महायज्ञ एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग अभिषेक महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को होगा। अचूक शिवशक्ति साधना महायज्ञ के रूप में यह आयोजन जगद्गुरु दिवाकर देवाचार्य अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में होगा।
आयोजक गोपाल शरण महाराज ने बताया कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के साथ यज्ञ का शुभारंभ होगा। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ध्वजारोहण कर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। शुक्रवार को आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। हवन के लिए 27 कुंडीय यज्ञशाला तैयार की गई है। देशभक्ति और देवभक्ति के माहौल में भगवान को आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इस अवसर पर श्याम प्रभु एवं सालासर बालाजी का दरबार भी सजाया जाएगा।
16 अगस्त को श्रावण मास के उपलक्ष्य में मुख्य महायज्ञ होगा। इसमें महामृत्युंजय मंत्रों के वैदिक उच्चारण के साथ रुद्राभिषेक एवं नर्मदेश्वर शिवलिंग का विभिन्न औषधि द्रव्यों से अभिषेक किया जाएगा। यज्ञ में गौसेवा, लोककल्याण, राष्ट्र की सुख-समृद्धि, पर्यावरण संरक्षण एवं विश्व शांति की कामना से विशेष आहुतियां अर्पित की जाएंगी।



















