जयपुर। बगरू के रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित लुहाड़िया केबल फैक्ट्री में हुई नकबजनी का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को कालाडेरा रीको क्षेत्र में दूसरी वारदात को अंजाम देने से पहले ही दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से तार कटर, टूल किट, दो प्लास, गुलेल, कांच की गोलियां, लाल मिर्च पाउडर और अलग-अलग नंबर के पाने सहित नकबजनी में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के अनुसार 21 जुलाई को लुहाड़िया एएनपी केबल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, एफ-29 रीको इंडस्ट्रियल एरिया, बगरू में सुबह करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने वारदात की थी। फैक्ट्री परिसर से लाखों रुपए का सामान, मशीनरी, केबल, वायर, डाईज और अन्य सामग्री चोरी हुई थी। मामले की रिपोर्ट पर बगरू थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में संदिग्ध हरियाणा नंबर के ऑटो रिक्शा से आते और वारदात के बाद उसी से वापस जाते दिखाई दिए। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी आधार पर आरोपियों का रूट मैप तैयार किया, जिसमें उनके हरियाणा की ओर जाने की जानकारी मिली।
इसी बीच 16 अगस्त की रात आरोपियों के कालाडेरा रीको क्षेत्र में दोबारा वारदात की फिराक में आने की सूचना मिली। बगरू थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और वारदात से पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी दीपक, साहिल उर्फ सागर, तरुण उर्फ डीजल, जोगेंद्र, सन्नी और नरेंद्र उर्फ निन्दर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी रेवाड़ी और झज्जर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गैंग हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों में फैक्ट्रियों की रेकी करता था। देर रात ऑटो रिक्शा से पहुंचकर फैक्ट्रियों में नकबजनी कर वायर व अन्य कीमती सामान चोरी करता और उसे हरियाणा ले जाकर बेच देता था। गिरोह के सदस्य पकड़े जाने की स्थिति में हमले के लिए लाल मिर्च पाउडर और गुलेल जैसी वस्तुएं भी साथ रखते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में नकबजनी, अवैध हथियार, हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उनसे अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।



















