जयपुर। राजधानी में शुक्रवार को श्री शिव शंकर सेवा संस्थान के तत्वावधान में छठी विशाल कांवड़ एवं कलश यात्रा निकाली गई। परकोटा क्षेत्र में निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा में शिवभक्ति के साथ राजस्थानी संस्कृति और शाही लवाजमे की झलक देखने को मिली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा सुबह करीब 8.30 बजे बड़ी चौपड़ से शुरू हुई। इससे पहले 1100 कांवड़िए गलता तीर्थ से पवित्र जल लेकर बड़ी चौपड़ पहुंचे। वहीं 5100 महिलाएं मंगल कलश धारण कर यात्रा में शामिल हुईं। महिलाएं विशेष परिधान में नजर आईं। कांवड़िए बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
हाथी-घोड़े और ऊंट बने आकर्षण
शोभायात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट का शाही लवाजमा शामिल रहा। डीजे वाहनों और बैंड-बाजे की धुन पर शिवभक्त और महिलाएं नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। यात्रा का विभिन्न व्यापारिक मंडलों और सामाजिक संगठनों की ओर से 10 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
यात्रा बड़ी चौपड़ से त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और किशनपोल बाजार होते हुए अजायबघर का रास्ता स्थित ऐतिहासिक फांसी काट महादेव मंदिर पहुंची। यहां कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने गलता तीर्थ से लाए जल और गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत
आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ संगठन महामंत्री अजय कुमार, भाजपा के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जागृत करने के साथ सनातन एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संवर्धन और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना है। यात्रा में मातृशक्ति और युवा शक्ति की भागीदारी विशेष आकर्षण रही।



















