राष्ट्र सुरक्षा संवाद में युवाओं को फेक न्यूज और अफवाहों से बचने का संदेश

0
42
Message to youth to guard against fake news and rumors at the National Security Dialogue
Message to youth to guard against fake news and rumors at the National Security Dialogue

जयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं जन्म शताब्दी के दो वर्षीय आयोजनों की श्रृंखला के तहत जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से शुक्रवार को मानसरोवर स्थित मेट्रो रेल डिपो के ऑडिटोरियम में ‘राष्ट्र सुरक्षा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मेट्रो रेल) सुशील कुमार ने युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एकता, अनुशासन, साहस और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

संवाद के दौरान युवाओं को साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक अफवाहों, फेक न्यूज, नशे के बढ़ते प्रभाव, संगठित अपराध और सामाजिक वैमनस्य जैसी चुनौतियों के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। किसी भी संदेश, फोटो या वीडियो को सत्यता की जांच किए बिना आगे शेयर नहीं करना चाहिए। एक गलत खबर या अफवाह समाज में शांति व्यवस्था बिगाड़ सकती है और गंभीर कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा कर सकती है।

कार्यक्रम में यातायात प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन राहत कार्यों में युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और जरूरत के समय प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मेट्रो रेल थानाधिकारी मंजू तंवर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अंत में युवाओं से सरदार पटेल के सपनों का सशक्त, अखंड, अनुशासित और सुरक्षित भारत बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here