टैक्सी बुक कर कार चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

0
58

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की टैक्सी कार बरामद की है। आरोपी टैक्सी चालकों और राहगीरों को बातों में उलझाकर उनके मोबाइल हासिल करता और ऑनलाइन ठगी व वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजिता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर कुलदीप भाटवानी निवासी सोडाला जयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ सोडाला थाने में दो, जवाहर सर्किल थाने में एक और विद्याधर नगर थाने में एक मामला दर्ज है। पुलिस मामले में आगे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी जोमैटो और रैपिडो चालकों को बातचीत में उलझाकर उनके मोबाइल लेकर घर पर बात करने का बहाना करता था। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड रिसेट कर उनके खातों से ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर कर देता था। इसके अलावा राह चलते लोगों से मोबाइल लेकर उसी मोबाइल से ओला-उबर बुक करता और वारदात के बाद पुलिस तक पहुंचने से बचने के लिए बुकिंग में इस्तेमाल नंबर के धारक को ही फंसाने का प्रयास करता था।

पुलिस के अनुसार रौकी बैरवा ने 29 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से उसकी टैक्सी बुक की और सुबह करीब छह बजे जीटी की ओर लेकर आया। आरोपी ने चाय पीने के बहाने उसे गाड़ी से भेज दिया और उसकी कार चोरी कर ले गया। बाद में कार लौटाने के नाम पर रुपए की मांग करने लगा। इस पर जवाहर सर्किल थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा आरोपी के आने-जाने वाले रास्तों पर निगरानी रखी। 100 से अधिक कैमरों की फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी कुलदीप भाटवानी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी की ऑल्टो कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने कार चोरी करने और परिवादी से रुपए मांगने की बात स्वीकार की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here