रैली के चलते जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

0
63

जयपुर। शहर में रविवार को प्रस्तावित रैली के मद्देनजर जयपुर यातायात पुलिस ने सुगम यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। रैली खोले के हनुमानजी से रवाना होकर शहर के प्रमुख बाजारों और चौपड़ों से होते हुए रामनिवास बाग स्थित यूनियन फुटबॉल ग्राउंड पहुंचेगी। रैली के दौरान परकोटे सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने आमजन से रैली के दौरान परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक और समानांतर मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। रैली दोपहर 1 बजे खोले के हनुमानजी से रवाना होकर बदनपुरा, गंगापोल (राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के सामने), सुभाष चौक, चांदी की टकसाल, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया टी-पॉइंट, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, यादगार तिराहा, रामनिवास बाग चौराहा होते हुए यूनियन फुटबॉल ग्राउंड पहुंचेगी।

दिल्ली रोड से जयपुर की ओर आने वाले वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार धोबीघाट, लडवा मोड़ और आमेर तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भारी वाहनों को चंदवाजी तिराहे से एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर-14 और 200 फीट चौराहे की ओर भेजा जाएगा।

रैली के प्रमुख चौपड़ों और बाजारों में पहुंचने से पहले संबंधित संपर्क मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। सांगानेरी गेट, घाटगेट, गलता गेट, अजमेरी गेट सहित अन्य मार्गों से परकोटे में वाहनों का प्रवेश आवश्यकता के अनुसार रोका जाएगा।

रैली के अजमेरी गेट और यादगार तिराहे की ओर पहुंचने के दौरान पांच बत्ती, अशोक टी-पॉइंट, मिनेरवा चौराहा और गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से यातायात को आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

रैली मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा परकोटे में ई-रिक्शा, टेम्पो, मिनी बस, सिटी बस और अन्य मध्यम श्रेणी के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही निर्बाध रखी जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायातकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here