जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राइंडर ऐप के जरिए युवकों से संपर्क कर उन्हें सुनसान स्थानों पर बुला कर मारपीट, ब्लैकमेलिंग व लूट की वारदात करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि शहर में ग्राइंडर ऐप के माध्यम से युवकों को योजनाबद्ध तरीके से सुनसान स्थानों पर बुलाकर उनके साथ मारपीट, ब्लैकमेलिंग और लूट करने की सूचनाएं मिल रही थीं। इस घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए मामले की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े आरोपित अनिल रूलानिया (21) निवासी मारौठ जिला कुचामन-डीडवाना और मदन नेहरा (23) निवासी फुलेरा जिला जयपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है। पुलिस अब आरोपियों से गिरोह की अन्य वारदातों, संभावित सहयोगियों और पूर्व में की गई घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनकी ओर से की गई संभावित वारदातों का भी पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।



















