‘प्रेम कीटाणु’ का दूसरा गीत ‘कहो तो’ रिलीज: रोमांटिक अंदाज में दिखे वीर-आफिया

0
45
Second song of ‘Prem Keetanu’, ‘Kaho To’, released.
Second song of ‘Prem Keetanu’, ‘Kaho To’, released.

जयपुर। फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का दूसरा गीत ‘कहो तो’ रिलीज हो गया है। अरमान मलिक की आवाज में सजे इस रोमांटिक गीत में आधुनिक वाद्य यंत्रों के साथ सूफियाना कव्वाली का खूबसूरत मेल सुनने को मिलता है। गीत प्यार में पड़ने, किसी को चाहने, इंतजार और रिश्ते को आगे बढ़ाने की भावनाओं को बयां करता है। गीत ज़ी म्यूजिक कंपनी के यूट्यूब चैनल सहित सभी प्रमुख संगीत मंचों पर उपलब्ध है।

गौरव वर्मा की अवनिका फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के गीत को वीर पहाड़िया और आफिया सैयद पर फिल्माया गया है। इसके बोल सचिन उर्मतोश ने लिखे हैं और संगीत अंकुर आर. पाठक ने दिया है। गीत के कव्वाली हिस्से को अल्तमश फरीदी ने आवाज दी है।

अरमान मलिक ने कहा कि ‘कहो तो’ पूरी तरह बॉलीवुड प्रेम गीत है और इसे गाना उनके लिए खुशी का अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि पुराने बॉलीवुड प्रेम गीतों की खूबसूरती के साथ कव्वाली का मेल इसे अलग पहचान देता है। अंकुर आर. पाठक के साथ यह उनका पहला काम है।

फिल्म का पहला गीत ‘अंडी बंडी’ युवा जोश और मस्ती से भरपूर था, जबकि ‘कहो तो’ प्यार के शांत और गहरे पक्ष को सामने लाता है। फिल्म में कुल सात गीत हैं, जिन्हें सचेत टंडन, परंपरा टंडन, बी. प्राक, अरमान मलिक, पापोन, जुबिन नौटियाल, मधुर शर्मा, अल्तमश फरीदी, शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य सहित कई कलाकारों ने आवाज दी है। रैपर लिटिल भाटिया और मेज़म्यूज़िक भी फिल्म के संगीत का हिस्सा हैं।

अपूर्व सिंह कार्की निर्देशित फिल्म का निर्माण गौरव वर्मा ने अवनिका फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी युवाओं की दोस्ती, पहला प्यार, एकतरफा प्यार और दिल टूटने के अनुभवों के इर्द-गिर्द घूमती है। ‘प्रेम कीटाणु’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here