बाबा श्याम 11 किलो चांदी के भव्य झूले में विराजे

0
49

जयपुर। श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति (रजि.), जयपुर की ओर से 33वां विशाल वनविहार झूला महोत्सव वैशाली नगर के गांधी पथ स्थित मान पैलेस में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। महोत्सव में बाबा श्याम को संस्था की ओर से नवनिर्मित 11 किलोग्राम चांदी के भव्य झूले में विराजमान कराया गया। फूलों और पुष्प लताओं से सजे झूला स्थल का मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

संस्था के मंत्री शंकर झालानी ने बताया कि बाबा श्याम के झूले को गुलाब, मोगरा, जूही, खस और कड़ेल के सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। बाग-बगीचों के बीच किए गए विशेष श्रृंगार से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ रामस्वरूप यादव और अनिल मिश्रा ने बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर किया। आरती के बाद आशुतोष शर्मा और लोकेश पाराशर ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर भजन संध्या का शुभारंभ किया।

इसके बाद राष्ट्रीय भजन गायक संतोष व्यास ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संस्था के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ भजन गायक शंकर नाटाणी और राजू महरवाल ने भी मधुर भजनों से बाबा श्याम का गुणगान किया। वहीं हेमंत माखीजा, सोनू पाराशर सहित अन्य स्थानीय भजन गायकों ने भी प्रस्तुतियां दीं।

संस्था के प्रवक्ता सतीश शर्मा ने बताया कि सुबह नाश्ते के बाद सत्यनारायण झालानी और गिर्राज डोकरिया की देखरेख में विभिन्न खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। संस्था के सदस्यों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर 2 बजे से भजन संध्या का आयोजन हुआ। इसके बाद सभी श्याम भक्तों को खीर-मालपुए की महाप्रसादी कराई गई।

संस्था अध्यक्ष सुरेश पाटोदिया ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और भक्तों का माला एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया। संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश बड़ाया ने बताया कि संस्था का वार्षिक उत्सव आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को शास्त्री नगर स्थित खंडेलवाल कॉलेज में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायक नंदकिशोर शर्मा ‘नंदू जी’, लखबीर सिंह लक्खा, शुभम-रूपम और संजू शर्मा सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here