जयपुर। एसआरके हॉस्पिटल, जयपुर में 65 वर्षीय महिला की जटिल कंधा प्रत्यारोपण सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। महिला लंबे समय से कंधे के गंभीर दर्द से परेशान थीं। जांच के बाद कंधा प्रत्यारोपण जरूरी बताया गया। जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. विकास गुप्ता के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को अंजाम दिया।
कंधा प्रत्यारोपण तकनीकी रूप से जटिल प्रक्रिया मानी जाती है, जिसमें हड्डी की गुणवत्ता और मांसपेशियों का विशेष ध्यान रखना होता है। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है। उन्हें ऑपरेशन के बाद देखभाल और फिजियोथेरेपी की सलाह दी गई है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि आधुनिक तकनीक और सही योजना से जटिल सर्जरी भी सुरक्षित तरीके से की जा सकती है। सही समय पर विशेषज्ञ से परामर्श से दर्द में राहत और कंधे की कार्यक्षमता में सुधार संभव है।



















