गीता गायत्री गणेश मंदिर में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू

0
53

जयपुर। गलता गेट, दिल्ली रोड स्थित श्री गीता गायत्री गणेश मंदिर में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में पांच दिवसीय गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ हुआ। गोविंद देवजी मंदिर के उत्तराधिकारी मानस गोस्वामी महाराज ने गणेशजी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव का शुभारंभ किया।

मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन ब्राह्मण विद्वानों के समूह ने गणेशजी महाराज के सवा लाख गणेश महामंत्र जाप और गणपति अथर्वशीर्ष पाठ किए। इसके साथ गणेशजी महाराज को सिंदूरी चोला धारण कराया गया। धार्मिक अनुष्ठानों और गणेश भक्ति से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

11 को पंचामृत व तीर्थ जल से अभिषेक

11 सितंबर को गणेशजी महाराज का द्वादश ज्योतिर्लिंग पूजन किया जाएगा। इसके बाद पंचामृत, विभिन्न तीर्थों के पवित्र जल और गन्ने के रस से अभिषेक होगा। इस दौरान गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ भी किया जाएगा।

12 सितंबर को गणेशजी महाराज को गोटा-पट्टी की विशेष पोशाक धारण कराकर नयनाभिराम श्रृंगार किया जाएगा। 13 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक गणेशजी को मेहंदी अर्पित की जाएगी। श्रद्धालुओं को मेहंदी का प्रसाद वितरित करने के साथ उनके हाथों पर भी मेहंदी लगाई जाएगी।

14 सितंबर को महाआरती और भजन संध्या

महोत्सव के अंतिम दिन 14 सितंबर को गणेश जी महाराज का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। बैंड वादन के साथ भव्य महाआरती होगी। इसके बाद भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर में पांचों दिन गणेश भक्ति, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष वातावरण रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here