सीमा की सुरक्षा व्यवस्था परखेंगे डीजीपी: जवानों और ग्रामीणों से होंगे रूबरू

0
54

जयपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा 16 और 17 सितंबर को प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सीमावर्ती थानों और सीमा चौकियों का निरीक्षण करेंगे तथा पुलिसकर्मियों और सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे। साथ ही ग्रामीणों की परिवेदनाएं सुनने के लिए सीमा संवाद एवं जनसुनवाई भी करेंगे।

डीजीपी 16 सितंबर को सुबह 10.30 बजे फलौदी के नोख थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद ग्राम जालुवाला में सीमा संवाद एवं जनसुनवाई में स्थानीय लोगों से रूबरू होंगे। दोपहर 2 बजे सीमा चौकी का निरीक्षण कर सीमा प्रहरियों से संवाद करेंगे और सीमा क्षेत्र का दौरा करेंगे।

इसके बाद जैसलमेर के सीमावर्ती ग्राम भारेवाला और रणाऊ में सीमा संवाद एवं जनसुनवाई होगी। डीजीपी सीमा चौकी पर सीमा प्रहरियों से संवाद करने के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लेंगे। रात्रि विश्राम तनोट में करेंगे।

वहीं 17 सितंबर को सुबह तनोटराय माता मंदिर में दर्शन के बाद डीजीपी सांगड़ थाने का निरीक्षण करेंगे और पुलिसकर्मियों से संवाद करेंगे। इसके बाद बालोतरा के सिणधरी थाने पहुंचकर बालोतरा और बाड़मेर के पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करेंगे।

डीजीपी करीब 3 बजे जालोर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जालोर, पाली और सिरोही के पुलिस अधीक्षक अपने-अपने जिलों में कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति पर प्रस्तुतीकरण देंगे। इसके आधार पर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर समीक्षा की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here