डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 76 लाख की ठगी में एक और आरोपी गिरफ्तार

0
43

जयपुर। स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग दंपती से 76 लाख रुपए ठगने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर निवासी ताहिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मामले में अब तक तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती को व्हाट्सऐप कॉल कर खुद को पुलिस, एटीएस और एनआईए अधिकारी बताया। दंपती के आधार कार्ड का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों और करोड़ों रुपए के वित्तीय अपराध में होने की बात कहकर गिरफ्तारी की धमकी दी। आरोपियों ने फर्जी एनआईए नोटिस भी भेजा और लगातार आवाज व वीडियो कॉल कर मानसिक दबाव बनाया। डर के कारण दंपती ने एफडी तुड़वाकर आरोपियों के बताए विभिन्न खातों में 76 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।

जांच में ठगी की रकम में से 21 लाख रुपए हनिया फ्रुट्स फर्म के खाते में पहुंचने का पता चला। फर्म संचालक मुजस्सिम ने रकम आगे ट्रांसफर कराने के लिए ताहिर से खातों की व्यवस्था करने को कहा। ताहिर ने परिचित सतपाल सिंह के जरिए अन्य खातों की जानकारी जुटाई। इन खातों में करीब 17 लाख रुपए जमा करवाए गए। सतपाल ने कमीशन काटकर 7 लाख रुपए नकद ताहिर को दिए, जिसमें से 5 लाख रुपए मुजस्सिम को और 2 लाख रुपए ताहिर ने अपने पास रखे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here