जयपुर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के 63वें जन्मदिन के अवसर पर जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राजा मानसिंह विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के राजस्थान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राजभर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुभाष चंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह राजभर ने केक काटा। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने राजभर के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और जनसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय और समानता से जुड़े मुद्दों को लेकर काम कर रही है।
इस कार्यक्रम में पार्टी के राजस्थान प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकुमार निषाद, प्रचार मंत्री सियाराम निषाद, धर्मेंद्र चौधरी, इंद्रवीर चौधरी, अशोक गौर, उर्मिला देवी, राजू मीणा, संजय और जितेन्द्र बैरवा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शुभचिंतक मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।



















