जयपुर। भारतीय जनता पार्टी ने जयपुर नगर निगम महापौर पद के लिए वार्ड 112 से पार्षद सुनील कोठारी को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की घोषणा के बाद कोठारी ने शनिवार को महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद उन्होंने मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। उनके नाम की घोषणा भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने की।
बगड़ी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सभी की भावनाओं और संगठनात्मक विचार-विमर्श को ध्यान में रखते हुए सुनील कोठारी को जयपुर महापौर पद का प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन की भावना के अनुरूप सामूहिक निर्णयों के आधार पर कार्य करती है। घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोठारी को शुभकामनाएं दीं।
कोठारी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। वे संगठन में उपाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। नामांकन के दौरान सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, बालमुकुंद आचार्य, पूर्व विधायक अशोक लाहोटी, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, जिलाध्यक्ष अमित गोयल, पार्षद एवं पूर्व उप महापौर पुनीत कर्णावट सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में जोधपुर महापौर पद के लिए भाजपा ने प्रसन्न चंद मेहता को प्रत्याशी बनाया है। जयपुर महापौर पद के लिए औपचारिक निर्वाचन 25 सितंबर को होना है।



















