जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में शुक्रवार देर शाम एक युवक ने ट्रेन की चपेट में आकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक ने परिचितों को करीब 30 लाख रुपए उधार दे रखे थे। रकम वापस नहीं मिलने के कारण वह परेशान था। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में उसने तीन परिचितों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हेड कांस्टेबल जयपाल के अनुसार शिवदासपुरा के मोहनपुरा निवासी सियाराम शर्मा (28) अपने माता-पिता और दो बड़े भाइयों के साथ रहता था। वह एक निजी कॉलेज में ऑफिस का काम संभालता था। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे कॉलेज से घर जाने के लिए निकला था। शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर ट्रेन को आता देखकर वह रेलवे ट्रैक पर लेट गया।
ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर युवक को देखकर ब्रेक लगाए, लेकिन वह घायल हो गया। लोको पायलट ने ट्रेन से ही घायल युवक को शिवदासपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचाया। यहां से एंबुलेंस की मदद से उसे आरयूएचएस अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिजन उसे महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार सुबह करीब 5 बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हेड कांस्टेबल जयपाल ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से घायल सियाराम की उपचार के दौरान मौत हुई। शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस सुसाइड नोट और युवक द्वारा उधार दिए गए रुपयों से जुड़े मामले की जांच कर रही है।



















