जयपुर। मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के बाद सिम बंद कराने और डुप्लीकेट सिम जारी करवाने के बावजूद बैंक खाते से 1.24 लाख रुपए यूपीआई के जरिए निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राधा बल्लभ मार्ग निवासी दिव्या छीपा ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर को वह सेक्टर-35 स्थित बाजार में सब्जी खरीदने गई थीं। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्ति उनकी जेब से मोबाइल चोरी कर ले गया। मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने कस्टमर केयर पर संपर्क कर तत्काल सिम ब्लॉक करवा दी, ताकि उसका दुरुपयोग नहीं हो सके।
दिव्या के अनुसार, 15 सितंबर को उन्होंने सर्विस सेंटर जाकर उसी नंबर की डुप्लीकेट सिम भी जारी करवा ली। इसके बावजूद 17 सितंबर को उनके मोबाइल पर बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 1.24 लाख रुपए निकाले जाने के मैसेज आए। रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सिम बंद होने और डुप्लीकेट सिम जारी होने के बावजूद आरोपियों ने बैंक खाते और यूपीआई तक पहुंच कैसे बनाई। पुलिस साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन की तकनीकी जांच कर रही है।
जिस बैंक खाते और वॉलेट में रकम ट्रांसफर हुई, उसकी ट्रांजैक्शन डिटेल भी खंगाली जा रही है। पुलिस मोबाइल चोरी से लेकर रकम निकासी तक की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।



















