बेखौफ चोरों का बड़ा दुस्साहस: राडो शोरूम की शटर तोड़ उड़ा ले गए 2.5 करोड़ लग्जरी घड़ियां

0
45

जयपुर। गुलाबी नगरी के हाई-प्रोफाइल टोंक रोड इलाके में गुरुवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। स्विटजरलैंड के लग्जरी वॉच ब्रांड ‘राडो’ के एक्सक्लूसिव शोरूम का शटर तोड़कर नकाबपोश चोर महज 36 मिनट के भीतर करीब 2.5 करोड़ रुपये मूल्य की 251 कीमती घड़ियां चुरा ले गए। वारदात के वक्त शोरूम में 5 लाख रुपये तक की कीमत वाली प्रीमियम घड़ियां भी मौजूद थीं, जिन्हें बदमाशों ने पूरी तरह साफ कर दिया।

घटना की भनक गुरुवार सुबह उस वक्त लगी, जब शोरूम का स्टाफ रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचा। टूटा हुआ शटर और अंदर बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही बजाज नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के अनुसार वारदात सुबह करीब साढ़े 4 बजे की है। 5 से 7 बदमाशों का गिरोह टोंक रोड स्थित शोरूम के बाहर पहुंचा। शुरुआत में शातिर चोर बेहद सामान्य बनकर शोरूम की सीढ़ियों पर बैठ गए ताकि आने-जाने वालों को कोई शक न हो। सीढ़ियों पर बैठे-बैठे ही बदमाशों ने लोहे की दो भारी रॉड से शटर के निचले हिस्से को उखाड़ दिया।

जिसके बाद बदमाशों ने चार बजकर 36 मिनट पर शटर झुकते ही दो नकाबपोश बदमाश रेंगते हुए शोरूम के भीतर दाखिल हो गए, जबकि बाहर 3 से 4 बदमाश सड़क पर पहरा देते रहे और आने-जाने वालों पर नजर रखते रहे। पांच बजकर 12 मिनट पर अंदर घुसे दोनों चोरों ने शोकेस ही नहीं, बल्कि काउंटरों के ड्रॉअर में रखी घड़ियों को भी चुराकर अपने साथ लाए 5 बड़े बैगों में भर लिया। वारदात को अंजाम देकर सभी बदमाश आसानी से फरार हो गए।

चोरों को इस बात का भली-भांति अंदाजा था कि शोरूम में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। डिजिटल एविडेंस मिटाने के फेर में बदमाशों ने जल्दबाजी में म्यूजिक सिस्टम के एम्प्लीफायर को ही डीवीआर समझ लिया और उसे उखाड़ कर साथ ले जाने लगे। हालांकि, शोरूम के मुख्य दरवाजे तक पहुंचते-पहुंचते उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ, जिसके बाद वे म्यूजिक सिस्टम को वहीं फर्श पर पटककर रफूचक्कर हो गए। बजाज नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

होटल के कमरे में मिला नर्सिंग ट्यूटर का शव

बजाज नगर थाना क्षेत्र स्थित टोंक रोड पर गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कोटपूतली-बहरोड़ के विराटनगर निवासी प्रकाश खींची (32) के रूप में हुई है, जो एमएससी नर्सिंग का छात्र होने के साथ नर्सिंग स्टूडेंट्स को ट्यूशन भी पढ़ाता था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों और वकीलों ने हत्या की आशंका जताते हुए गुरुवार सुबह बजाज नगर थाने के बाहर रास्ता जाम कर जमकर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

पुलिस के अनुसार प्रकाश आगरा से दो दिन पहले ही जयपुर आया था और ‘ब्लू शाइन’ होटल में कमरा किराए पर लेकर ठहरा हुआ था। बुधवार शाम को कमरे से उसकी डेड बॉडी बरामद की गई। शव के हाथ में कैनुला लगा हुआ था और ड्रिप चढ़ रही थी। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।

राजस्थान हाईकोर्ट में वकालत कर रहे मृतक के भाई विक्रम सिंह खींची ने पुलिस में दी शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने प्रकाश को बड़े सपने दिखाकर नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम ऐंठ ली थी। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो साजिश के तहत उसकी हत्या कर दी गई और मामले को खुदकुशी का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने होटल के एक कर्मचारी की संलिप्तता पर भी गहरा संदेह जताया है।

परिवादी पक्ष के वकील बाबूलाल खींची ने बताया कि प्रकाश के मोबाइल से उसके भाई को सुसाइड नोट की फोटो भेजी गई थी। जब परिजनों ने होटल पहुंचकर जानकारी जुटानी चाही, तो रिसेप्शनिस्ट ने झूठा दावा किया कि प्रकाश 29 सितंबर को ही चेकआउट कर चुका है।

हालांकि, जब परिजनों ने कमरे पर जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और भीतर प्रकाश का शव पड़ा हुआ था। वकीलों ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि होटल में ड्रिप लगाने की सुविधा कैसे संभव हुई और कौन व्यक्ति वहां कैनुला व दवाइयां लेकर पहुंचा, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here