गहलोत के आरोपों पर भाजपा का पलटवार करते हुए कहा हार की हताशा में कर रहे बयानबाजी

0
45

जयपुर। नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि चुनावी हार की हताशा कांग्रेस नेताओं के बयानों में साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी हार पर आत्ममंथन करने के बजाय जनादेश पर सवाल उठाने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसा करना जनता के निर्णय का अपमान है।

दिलावर ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निष्पक्ष भाव से काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है और जनता जिस दल को अपना समर्थन देती है, वही चुनाव में विजयी होता है। आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी जनता अपने विवेक से निर्णय करेगी।

‘कांग्रेस की प्रासंगिकता जनता के बीच समाप्त’

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने गहलोत के बयान को हताशा से भरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था प्रभावित हुई और कई पंचायत समितियों में लंबे समय तक चुनाव प्रक्रिया चलती रही, जिससे विकास कार्य बाधित हुए। इसके विपरीत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में काम कर रही है।

बेढम ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने भाजपा सरकार के कामकाज पर अपनी मुहर लगाई है और आगामी पंचायत चुनाव में भी भाजपा को समर्थन मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस की ओर से ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं, जिसके चलते जनता के बीच कांग्रेस की प्रासंगिकता कम हुई है।

‘अपनी गिरेबां में झांकें’

ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में पंचायत राज चुनाव टुकड़ों में करवाए गए और सत्ता का दुरुपयोग कर खरीद-फरोख्त के जरिए बोर्ड बनाए गए। नागर ने फोन टैपिंग को लेकर भी गहलोत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पानी, बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इन्हीं कार्यों के चलते नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को जनसमर्थन मिला है। उन्होंने कांग्रेस में आपसी खींचतान और नेताओं के बीच अविश्वास का भी आरोप लगाया।

‘कोविड में होटल में कैद रही सरकार’

प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने भी गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता बचाने के लिए कोविड काल में भी कांग्रेस सरकार कई दिनों तक होटलों में रही। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत अब राहुल गांधी को खुश करने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को चुनावी परिणामों का सम्मान करते हुए आत्ममंथन करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here