जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में शादी के बाद दुल्हन के गहने और नकदी लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि दुल्हन को वापस भेजने का भरोसा देकर आरोपियों ने उससे ऑनलाइन रुपए भी ट्रांसफर करवाए, लेकिन बाद में लगातार टालमटोल करते रहे। परेशान होकर पीड़ित ने न्यायालय से आदेश करवाकर रविवार शाम शिवदासपुरा थाने में मामला दर्ज कराया।
एएसआई घनश्याम मीना ने बताया कि क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दी है। उसके अनुसार तीनों आरोपी उसके परिचित हैं। बातचीत के दौरान आरोपियों को पता चला कि उसकी शादी नहीं हुई है। उन्होंने शादी करवाने का झांसा देकर रिश्ता कराने के बदले तीन लाख रुपए मांगे। सौदा तय होने पर दिल्ली से एक युवती को बुलाकर उसे दिखाया गया। पसंद आने पर रिश्ता तय हुआ और दो लाख रुपए नकद ले लिए गए। युवती और उसकी मां ने शादी के लिए सहमति दी।
पीड़ित के अनुसार मई 2026 में आरोपियों ने शेष एक लाख रुपए भी ले लिए। शादी का सहमति पत्र तैयार करवाने और अन्य खर्च के नाम पर करीब 25 हजार रुपए और लिए गए। इसके बाद युवती उसके साथ ससुराल में रहने लगी।
पीड़ित का आरोप है कि 21 जुलाई की रात परिवार के खाना खाने के बाद सोने चले जाने पर युवती देर रात अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, टॉप्स, लौंग, राखड़ी सेट, चांदी की पायजेब और 35 हजार रुपए लेकर फरार हो गई। सुबह उठने पर युवती के नहीं मिलने पर तलाश की गई। अलमारी जांचने पर गहने और नकदी गायब मिले।
इसके बाद पीड़ित ने परिचित आरोपियों से संपर्क किया। आरोप है कि उन्होंने युवती को वापस भेजने का भरोसा देकर चार हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए, लेकिन इसके बाद भी लगातार टालमटोल करते रहे। धमकियों और परेशानियों से तंग आकर पीड़ित ने न्यायालय का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















