मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा मनाएगी ‘सेवा ज्योति संकल्प’ :मदन राठौड़

0
46
BJP to celebrate ‘Seva Jyoti Sankalp’ to mark 25 years of Modi’s public life: Madan Rathore
BJP to celebrate ‘Seva Jyoti Sankalp’ to mark 25 years of Modi’s public life: Madan Rathore

जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिला केंद्रों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जयपुर में कार्यक्रम सांगानेर क्षेत्र में होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लाइव कार्यक्रम से कार्यकर्ता और आमजन जुड़ेंगे।

राठौड़ ने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके शासन प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कार्यक्रम में प्रत्येक बूथ से भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्र तक पहुंचेंगे। इसके बाद सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में मशाल प्रज्ज्वलित की जाएगी तथा उपस्थित लोगों को जरूरतमंदों की सहायता, समाज सेवा और राष्ट्रहित में योगदान का संकल्प दिलाया जाएगा।

राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान—जन सेवा ही प्रभु सेवा’ चल रहा है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियां, विद्यालयों में कार्यक्रम, वाद-विवाद व लेखन प्रतियोगिताएं तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़े आयोजन किए गए। पार्टी के अनुसार, अभियान के दौरान राजस्थान में 40 लाख ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए गए।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत वडनगर से वाराणसी तक यात्रा निकाली गई तथा वाराणसी से वडनगर की ओर मोटरसाइकिल यात्राएं भी आयोजित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा को आमजन से जोड़ना है।

राठौड़ ने कांग्रेस के नेताओं के बीच चल रही कथित खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने इसे ‘जलेबी रेस’ बताते हुए कहा कि जूली, अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्वविहीन नजर आ रही है और अलग-अलग नेता अपनी बात रख रहे हैं।

वोट चोरी के आरोपों पर राठौड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि “वोट चोरी तो गहलोत सरकार ने की थी, बसपा के हाथी तक को डकार गए थे।” उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करती तो कांग्रेस लक्ष्मणगढ़ में एक वोट से जीत दर्ज नहीं कर पाती। राठौड़ ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here