जयपुर। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम में संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के मतदान, पंच-सरपंच पद के नामांकन, मतदान व मतगणना तथा उपसरपंच के चुनाव की तिथियों में बदलाव किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि मतदान का समय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा।
पहला चरण अब 22 अक्टूबर को
प्रथम चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान अब 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को होगा। पहले यह मतदान 23 अक्टूबर को प्रस्तावित था। मतदान दलों का प्रस्थान भी 22 अक्टूबर के बजाय 21 अक्टूबर को होगा। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन अब 23 अक्टूबर को, मतदान एवं मतगणना 24 अक्टूबर को तथा उपसरपंच का चुनाव 25 अक्टूबर को होगा। पूर्व कार्यक्रम में इनकी तिथियां क्रमश: 24, 25 और 26 अक्टूबर थीं।
दूसरे चरण की तिथियां भी एक दिन पहले
द्वितीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान 28 अक्टूबर को होगा। पहले यह 29 अक्टूबर को निर्धारित था। मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना होंगे। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन 29 अक्टूबर, मतदान एवं मतगणना 30 अक्टूबर तथा उपसरपंच का चुनाव 31 अक्टूबर 2026 को होगा। पहले इनकी तिथियां क्रमश: 30, 31 अक्टूबर और 1 नवम्बर निर्धारित थीं।
तीसरे चरण का मतदान 2 नवंबर को
तृतीय चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों का मतदान अब 2 नवम्बर 2026 को होगा। पहले यह 4 नवम्बर को निर्धारित था। मतदान दलों का प्रस्थान 2 नवम्बर को होगा। पंच एवं सरपंच पद के लिए नामांकन 4 नवम्बर, मतदान एवं मतगणना 5 नवम्बर तथा उपसरपंच का चुनाव 6 नवम्बर को होगा। पूर्व कार्यक्रम में इनकी तिथियां क्रमश: 5, 6 और 7 नवम्बर थीं।
मतदान के बाद होगी पंच-सरपंच की मतगणना
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक यथावत रखा गया है। पंच एवं सरपंच पद की मतगणना संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद की जाएगी।



















