जयपुर। जयपुर उत्तर पुलिस की डीएसटी और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी हिस्ट्रीशीटर हिमांशु जांगिड़ उर्फ जहांगीर को साथी देवाशिष भगत उर्फ पीयूष (29) के साथ गिरफ्तार किया। भागने के प्रयास में हिमांशु के पैर में चोट आई।
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि 21 मई को हिमांशु अपने साथियों विशु सारासर, समीर खान मकराना, वसीम खान समेत 10-15 लोगों के साथ दो फॉर्च्यूनर से निक्की शर्मा की जमीन पर पहुंचा और देखरेख कर रहे अनिल आंक को रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। लगातार धमकियों के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अशोक सिंहल के नेतृत्व और एसीपी आमेर प्रतीक सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार हिमांशु अपनी गैंग चलाता है और हरियाणा की गैंग के बदमाशों के संपर्क में है। फरारी में विदेशी नंबर बनाने वाले विशेष एप्लीकेशन से साथियों से संपर्क करता था तथा रसूखदार लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलता था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और रंगदारी के करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं।
इनमें अमरसर सरपंच, झालाना निवासी इन्द्र खटीक और मकराना के मार्बल व्यापारी की हत्या तथा झोटवाड़ा में प्रदीप यादव पर फायरिंग के मामले शामिल हैं। कार्रवाई में डीएसटी हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही।


















