जयपुर। खोह नागोरियान थाना इलाके में शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर युवक से 1 लाख 47 हजार 498 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और पहले 10 हजार रुपए निवेश करवाए। इसके बाद 99 हजार 328 रुपए के कथित मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजकर उसे भरोसे में लिया। रकम निकालने के नाम पर अलग-अलग शुल्क बताकर ठग लगातार रुपए ट्रांसफर करवाते रहे।
पुलिस के अनुसार करोल घाटी, इंदिरा गांधी नगर सेक्टर-3, खातीपुरा निवासी रामजी लाल महावर (43) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसकी इंस्टाग्राम के जरिए आरोपियों से बातचीत हुई थी। आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का झांसा दिया। उनके कहने पर पीड़ित ने बताए गए यूपीआई आईडी पर 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
कुछ समय बाद आरोपियों ने पीड़ित को 99,328 रुपए मुनाफे का स्क्रीनशॉट भेजा। जब पीड़ित ने मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने निकासी शुल्क, बैंक टैक्स, डिस्काउंट, जीएसटी सहित अलग-अलग चार्ज के नाम पर रकम मांगनी शुरू कर दी। मुनाफे की रकम मिलने की उम्मीद में पीड़ित आरोपियों के बताए खातों और यूपीआई पर लगातार रुपए ट्रांसफर करता रहा। इस तरह आरोपियों ने उससे कुल 1,47,498 रुपए ऐंठ लिए।
इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उसने खोह नागोरियान थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए इंस्टाग्राम अकाउंट, मोबाइल नंबर और यूपीआई लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।



















