जयपुर। अवैध बजरी खनन-परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुरलीपुरा थाना पुलिस और डीएसटी जयपुर पश्चिम ने अजमेर-दिल्ली बायपास से बजरी से भरे 8 ट्रक जब्त किए। पुलिस के अनुसार ट्रक नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े मिले थे।
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन में एडीसीपी राजेश गुप्ता व एसीपी झोटवाड़ा शिवकुमार भारद्वाज के सुपरविजन तथा मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील और डीएसटी प्रभारी गणेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। जब्त ट्रकों की रिपोर्ट खनिज विभाग को भेजी गई।
जांच में 4 ट्रकों के चालक बजरी परिवहन के वैध परमिट और रॉयल्टी रसीद प्रस्तुत नहीं कर सके। खनिज विभाग ने इन पर करीब 5 लाख रुपए का जुर्माना तय किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक गोदराज, सहायक उप निरीक्षक बजरंगलाल, हेड कांस्टेबल शिवराम व कांस्टेबल बलराम सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही।


















