जयपुर। श्री श्याम युवा मंडल समिति, शास्त्री नगर के तत्वावधान में संगीत सम्राट रविन्द्र जैन की पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 9 अक्टूबर को ‘एक शाम-संगीत सम्राट रविन्द्र जैन के नाम’ विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह संगीतमय कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक झोटवाड़ा स्थित वृंदावन कॉलोनी, श्री श्याम मंदिर के सामने ‘श्यामालय’ में आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में जयपुर के प्रमुख भजन गायक कुमार नरेंद्र, पीयूषपाणि चतुर्वेदी, रमेश चौधरी, नवीन शर्मा, अर्जुन राठौड़, लोकेश शर्मा, रोहित शर्मा, कृतिन शर्मा, ऋषिकेश, अर्पिता रॉय और पूजा पारीक अपनी सुमधुर आवाज में प्रस्तुतियां देंगे। कृष्ण कांत शर्मा के संगीत संयोजन में रविन्द्र जैन द्वारा रचित, संगीतबद्ध और गाई गई अमर रचनाओं के माध्यम से उन्हें भावभीनी स्वरांजलि दी जाएगी।
समिति के संस्थापक पीयूषपाणि चतुर्वेदी ने बताया कि रविन्द्र जैन देश के महान गीतकार, संगीतकार एवं पार्श्व गायक रहे। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए समिति ने वर्ष 2019 में प्रतिवर्ष 9 अक्टूबर को उनकी पुण्यतिथि पर संगीत संध्या आयोजित करने का संकल्प लिया था, जिसे हर वर्ष की भांति इस बार भी पूर्ण निष्ठा के साथ निभाया जा रहा है।



















